पालघर में ओलियम गैस लीक, 2000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

0

महाराष्ट्र के महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार दोपहर एक केमिकल यूनिट से ओलियम गैस लीक होने के बाद हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर 1,600 विद्यार्थियों सहित 2,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे बोइसर MIDC इंडस्ट्रियल एरिया स्थित भगेरिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड में गैस रिसाव हुआ। लीक के बाद पांच किलोमीटर के दायरे में घना सफेद धुआं फैल गया, जिससे बोइसर शहर के ऊपर बादल जैसी परत बनती दिखी।

जिला कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़, जो मौके पर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही थीं, ने बताया कि घटना के तुरंत बाद जिला आपदा प्रबंधन योजना सक्रिय कर दी गई। सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। हवा की दिशा को देखते हुए प्रभावित रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्रों को खाली कराया गया है तथा इलाके को एहतियातन सील कर दिया गया है।

एसपी यतीश देशमुख ने कहा कि जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए अभियान चला रही हैं। लीकेज को रोकने के प्रयास जारी हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे धुएं और हवा की दिशा के विपरीत सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं, घरों के अंदर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Comments are closed.