अमेरिका के केंटकी राज्य के लुईविल में गुरुवार शाम एक भीषण विमान हादसा हुआ, जब UPS का एक बड़ा कार्गो विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
यह हादसा स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे मोहम्मद अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुआ, जब विमान होनोलूलू के लिए रवाना हो रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और 11 अन्य घायल हुए हैं। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने आशंका जताई है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान McDonnell Douglas MD-11 मॉडल का था, जिसे 1991 में बनाया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उड़ान भरते समय विमान के बाएं विंग में आग लग गई थी, जिसके बाद वह संतुलन खो बैठा और जोरदार धमाके के साथ जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद रनवे के पास आग का बड़ा गुबार उठता देखा गया, जिससे आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।
गवर्नर बेशियर ने बताया कि राहत और बचाव अभियान जारी है, लेकिन स्थिति अब भी खतरनाक बनी हुई है क्योंकि विमान में मौजूद ईंधन और अन्य ज्वलनशील पदार्थ किसी भी समय दोबारा विस्फोट का कारण बन सकते हैं। वहीं, लुईविल के मेयर क्रेग ग्रीनबर्ग ने हादसे को “गंभीर आपदा” बताते हुए कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने में जुटा है।
Comments are closed.