PM मोदी करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, तारीख तय

1

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तारीख तय हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को इसका लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन के साथ ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हाल ही में एक्सप्रेसवे का एक वीडियो साझा कर परियोजना की झलक दिखाई थी।

इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून की यात्रा काफी आसान हो जाएगी। सफर का समय घटकर करीब ढाई घंटे रह जाएगा, जो अभी 5-6 घंटे तक लगता है। दूरी भी कम होकर लगभग 213 किलोमीटर हो जाएगी।

इस परियोजना का कुछ हिस्सा पहले ही चालू किया जा चुका है। अक्षरधाम से बागपत तक करीब 18 किलोमीटर का स्ट्रेच पहले ही आम लोगों के लिए खुला है। अब पूरे एक्सप्रेसवे को 14 अप्रैल, यानी आंबेडकर जयंती के दिन, पूरी तरह से शुरू किया जाएगा।

करीब 13,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे की शुरुआत उत्तर-पूर्वी दिल्ली से होगी और यह बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा।

इस एक्सप्रेसवे की सबसे खास बात इसका इको-फ्रेंडली डिजाइन है। इसका आखिरी हिस्सा राजाजी नेशनल पार्क के इको-सेंसिटिव जोन से होकर गुजरता है। वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां करीब 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है, जो एशिया का सबसे लंबा माना जा रहा है। इसके अलावा 340 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है, जिससे जानवरों की आवाजाही प्रभावित न हो।

देहरादून में डाट काली मंदिर के पास बनी यह सुरंग और गणेशपुर-देहरादून सेक्शन में तैयार किए गए कई एनिमल पैसेज सड़क हादसों को कम करने और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Comments are closed.