दिल्ली–मेरठ कनेक्टिविटी के लिहाज़ से आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है।
सराय काले खां से मेरठ साउथ तक 82 किलोमीटर लंबा नमो भारत (रैपिड रेल) कॉरिडोर पूरी तरह आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। प्रधानमंत्री Narendra Modi रविवार को इस पूर्ण रूट का उद्घाटन करेंगे। अब तक यह सेवा दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक सीमित थी, लेकिन नए खंड के जुड़ने के साथ राजधानी से मेरठ तक सीधी और तेज रफ्तार यात्रा संभव हो जाएगी।
इसके साथ ही पीएम मोदी मेरठ मेट्रो का भी शुभारंभ करेंगे। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक चलने वाली यह मेट्रो 12 स्टेशनों को जोड़ेगी। 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के साथ इसे देश की सबसे तेज मेट्रो सेवाओं में गिना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
चरणबद्ध तरीके से पूरा हुआ प्रोजेक्ट
दिल्ली–मेरठ रैपिड रेल परियोजना की नींव 8 मार्च 2019 को रखी गई थी, जब प्रधानमंत्री ने इसका शिलान्यास किया। इसके बाद 20 अक्टूबर 2023 को 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड को राष्ट्र को समर्पित किया गया। 2024 में विस्तार कार्य तेज़ी से आगे बढ़ा और 5 जनवरी 2025 को नमो भारत ट्रेन दिल्ली तक पहुंच गई।
अब 22 फरवरी को न्यू अशोक नगर से सराय काले खां (करीब 5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (करीब 21 किमी) खंड के उद्घाटन के साथ पूरा 82 किलोमीटर का कॉरिडोर चालू हो जाएगा।
यात्रा समय में बड़ी कटौती
पूरे रूट के चालू होने के बाद दिल्ली से मेरठ का सफर लगभग 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। यह परियोजना न केवल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करेगी, बल्कि रोज़ाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए समय और सुविधा दोनों में बड़ी राहत लेकर आएगी।
तेज रफ्तार, आधुनिक स्टेशनों और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नमो भारत कॉरिडोर को एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन के नए युग की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
Comments are closed.