मुर्शिदाबाद में पुलिस टीम पर हमला, आरोपित को पकड़ने गई थी दबिश; 10 लोग हिरासत में

1

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पुलिस पर हमले की एक और घटना सामने आई है।

डोमकल इलाके में एक वांछित आरोपित को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावर आरोपित को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार कराने में भी सफल रहे।

घटना में एक अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमले के आरोप में 10 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपित और अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कूचियामोड़ा इलाके का रहने वाला आजमत शेख, जिसके खिलाफ हथियार मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी है, एक चाय की दुकान पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

बताया गया कि जैसे ही पुलिस आरोपित को वाहन में बैठाने लगी, वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान हमलावरों ने आरोपित को छुड़ाकर मौके से फरार करा दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। रातभर चली कार्रवाई में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस मुख्य आरोपित आजमत शेख और अन्य फरार लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जिला पुलिस प्रशासन ने कहा है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की हालिया सख्त चेतावनी के बाद सामने आई है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में स्पष्ट कहा था कि पुलिस पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Comments are closed.