व्हाइट हाउस के पास फायरिंग से हड़कंप, संदिग्ध ने पुलिस पर चलाई गोलियां; अमेरिका में हाई अलर्ट

0

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास रविवार को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति ने सुरक्षा जांच चौकी के पास पहुंचकर पुलिस अधिकारियों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई की।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध पश्चिमी गेट के पास मौजूद सुरक्षा चेकपॉइंट तक पहुंचा और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार उसने 2 से 3 राउंड फायर किए। जवाब में तैनात सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने भी गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस घटना में एक राहगीर के घायल होने की भी खबर है। फायरिंग के तुरंत बाद पूरे व्हाइट हाउस परिसर को लॉकडाउन कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया और काउंटर-स्नाइपर टीमों को आसपास की इमारतों की छतों पर तैनात किया गया। व्हाइट हाउस स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर मौजूद थे। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति और उनके परिवार को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद कुछ समय पश्चात लॉकडाउन हटा लिया गया।

घटना की जांच संघीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है। फिलहाल हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है।

Comments are closed.