भारत की सबसे ताकतवर मिसाइल ‘अग्नि-6’ के टेस्ट की तैयारी? बंगाल की खाड़ी में NOTAM जारी

2

भारत ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर 6 मई से 9 मई तक हवाई क्षेत्र को प्रतिबंधित करने के लिए नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी किया है।

आमतौर पर ऐसे NOTAM मिसाइल परीक्षण, अंतरिक्ष मिशन या संवेदनशील रक्षा गतिविधियों के दौरान जारी किए जाते हैं। इस बार जारी प्रतिबंध ने देश के संभावित बड़े रणनीतिक परीक्षण को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।

यह NOTAM ओडिशा तट स्थित अब्दुल कलाम द्वीप से शुरू होकर करीब 3,560 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को कवर करता है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी लंबी दूरी वाला प्रतिबंध क्षेत्र किसी लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल या उन्नत सामरिक प्रणाली के परीक्षण की ओर संकेत कर सकता है।

अग्नि-6 परीक्षण की अटकलें तेज
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में DRDO प्रमुख समीर वी कामत ने कहा था कि भारत की अगली पीढ़ी की इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) अग्नि-6 परीक्षण के लिए तैयार है और केवल सरकार की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

माना जा रहा है कि अग्नि-6 की रेंज 10,000 किलोमीटर से अधिक हो सकती है, जिससे भारत की सामरिक पहुंच वैश्विक स्तर तक बढ़ जाएगी। हालांकि सरकार या DRDO की ओर से अभी तक किसी आधिकारिक परीक्षण की पुष्टि नहीं की गई है।

MIRV तकनीक से लैस होगी अग्नि-6
अग्नि-6 को भारत की सबसे उन्नत बैलिस्टिक मिसाइलों में से एक माना जा रहा है। इसमें MIRV (Multiple Independently Targetable Reentry Vehicle) तकनीक शामिल होने की संभावना है।

इस तकनीक के जरिए एक ही मिसाइल कई परमाणु वारहेड्स को अलग-अलग लक्ष्यों पर एक साथ दाग सकती है। इससे दुश्मन की मिसाइल रक्षा प्रणाली को भेदना आसान हो जाता है और हमले की क्षमता कई गुना बढ़ जाती है।

हाइपरसोनिक क्षमता पर भी भारत का फोकस
हाल ही में भारत ने 1,500 किलोमीटर से अधिक रेंज वाली लॉन्ग रेंज एंटी-शिप हाइपरसोनिक मिसाइल (LR-AShM) का सफल परीक्षण भी किया था। यह मिसाइल मैक 10 तक की गति से लक्ष्य को भेदने में सक्षम बताई गई है।

रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, अग्नि-6 और हाइपरसोनिक हथियारों जैसे कार्यक्रम भारत की सामरिक क्षमता को नई ऊंचाई दे सकते हैं। अग्नि-6 का सफल परीक्षण भारत को उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में और मजबूत करेगा जिनके पास वैश्विक दूरी तक मार करने वाली उन्नत बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता मौजूद है।

Comments are closed.