पुतिन की भारत यात्रा से पहले मेगा डिफेंस डील पर जोर, रूसी संसद आज करेगा मंजूरी पर मतदान

2

रूस की संसद का निचला सदन ड्यूमा भारत के साथ एक महत्वपूर्ण रक्षा समझौते को मंजूरी देने के लिए मंगलवार को मतदान करेगा।

यह मतदान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा से ठीक पहले हो रहा है। प्रस्तावित समझौता भारत–रूस पारस्परिक रसद आदान-प्रदान (RELOS) दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करेगा।

RELOS का उद्देश्य संयुक्त सैन्य अभ्यास, मानवीय सहायता, आपदा राहत और अन्य अभियानों के दौरान लॉजिस्टिक सपोर्ट को सरल और प्रभावी बनाना है। यह समझौता 18 फरवरी 2025 को मास्को में भारतीय राजदूत विनय कुमार और तत्कालीन रूसी उप-रक्षा मंत्री अलेक्जेंडर फोमिन द्वारा हस्ताक्षरित किया गया था।

पुतिन की भारत यात्रा गुरुवार से
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं, जहां वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर वार्ता में शामिल होंगे। इस मुलाकात से रक्षा और व्यापार सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में नई प्रगति और समझौतों की उम्मीद है, जिससे द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।

पूर्व भारतीय राजदूत अजय मल्होत्रा ने एएनआई से बातचीत में कहा कि पुतिन का यह दौरा भारत की स्वतंत्र विदेश नीति का संकेत है और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही भरोसेमंद साझेदारी को और मजबूती देता है।

Comments are closed.