बैंक हड़ताल से पहले SBI की एडवाइजरी, 5 दिन तक प्रभावित रह सकती हैं बैंकिंग सेवाएं

0

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

बैंक ने सलाह दी है कि शाखा जाकर या कर्मचारियों की प्रत्यक्ष सहायता से होने वाले जरूरी काम हड़ताल शुरू होने से पहले ही निपटा लें।

डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल करने की अपील

SBI ने सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल के दौरान बैंकिंग जरूरतों के लिए डिजिटल और वैकल्पिक सेवाओं का इस्तेमाल करें।

नकदी निकालने या जमा करने के लिए ग्राहक नजदीकी ATM, ADWM (ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीन) और ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, पैसे ट्रांसफर करने, बिल भुगतान और दूसरे रोजमर्रा के लेनदेन के लिए SBI YONO, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

सप्ताहांत के साथ हड़ताल से बढ़ेगी परेशानी

इस बार बैंक ग्राहकों के लिए स्थिति इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हड़ताल से ठीक पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां हैं। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इस तरह लगातार पांच दिनों तक शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

SBI के मुताबिक, हड़ताल के दौरान जरूरी सेवाओं को जारी रखने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, चेक क्लीयरेंस, दस्तावेज जमा करने और ऐसे अन्य कामों में देरी हो सकती है, जिनके लिए बैंक कर्मचारियों की प्रत्यक्ष सहायता जरूरी होती है।

बैंक ने ग्राहकों को संभावित असुविधा के लिए खेद जताते हुए हड़ताल की अवधि में सहयोग करने की अपील की है।

28 से 30 सितंबर तक हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 11 सितंबर को भी बैंक कर्मचारियों की एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल हो चुकी है।

यूनियनों की ओर से 26 अक्टूबर से लगातार हड़ताल का प्रस्ताव भी रखा गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों के लिए जरूरी काम पहले निपटाना और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करना अहम रहेगा।

Comments are closed.