अमेरिका के वाशिंगटन राज्य में मंगलवार सुबह एक पल्प और पेपर मिल में हुए भीषण विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी।
स्थानीय अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, मिल के भीतर स्थित एक केमिकल टैंक में धमाका होने से कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद नौ कर्मचारियों के लापता होने की भी सूचना है। स्थानीय दमकल विभाग और कंपनी अधिकारियों ने पूरे इलाके को ‘मास कैजुअल्टी सीन’ यानी सामूहिक हताहत क्षेत्र घोषित कर दिया है।
यह हादसा दक्षिण-पश्चिमी वाशिंगटन स्थित पल्प और पेपर मिल में मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मिल के अंदर मौजूद एक विशाल रासायनिक टैंक में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरी यूनिट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास का इलाका मलबे में तब्दील हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही करीब 40 दमकलकर्मी, पैरामेडिक्स और खतरनाक रसायनों से निपटने वाली विशेष टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान कई घंटों तक चलता रहा। बचाव दल लापता कर्मचारियों की तलाश में जुटा हुआ है।
‘निप्पॉन डायनावैव पैकेजिंग कंपनी’ और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि विस्फोट के बाद कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कुछ जहरीली गैस के संपर्क में आने से प्रभावित हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वाशिंगटन राज्य के पारिस्थितिकी विभाग के अनुसार, इस लिक्विड पैकेजिंग प्लांट और पेपर मिल में करीब एक हजार कर्मचारी काम करते हैं। यहां टिशू पेपर, प्रिंटिंग पेपर, कार्टन और कप-प्लेट निर्माण से जुड़ी सामग्री का उत्पादन किया जाता है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से इलाके को सील कर दिया है और विशेषज्ञ टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
Comments are closed.