ईरान-अमेरिका वार्ता के संकेत, तेहरान ने रखीं कई शर्तें; ट्रंप की धमकियों पर रेजाई का सख्त रुख
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच ईरान और अमेरिका के बीच पर्दे के पीछे बातचीत की कोशिशें तेज होती दिखाई दे रही हैं। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा है कि तेहरान अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार है और वाशिंगटन को वार्ता की शर्तों की जानकारी है।
रेजाई ने बताया कि कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों के साथ संपर्क जारी है। उनके मुताबिक, ईरान ने दोनों मध्यस्थ देशों के जरिए अपनी शर्तें अमेरिका तक पहुंचा दी हैं। अल जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान की शर्तों को स्वीकार करना अमेरिका के हित में होगा।
हालांकि, बातचीत की संभावना के साथ ईरान ने अपना सख्त रुख भी स्पष्ट किया है। रेजाई ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों से कोई नतीजा नहीं निकलेगा और ईरान निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार है।
युद्ध खत्म करने के लिए ईरान की प्रमुख मांगें
रेजाई के अनुसार, तेहरान की प्रमुख शर्तों में सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करना, विदेशों में फ्रीज की गई ईरानी संपत्तियों को जारी करना और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाना शामिल है।
उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिकी सैन्य क्षमताओं और कमजोरियों से परिचित है तथा अमेरिकी हवाई हमलों का जवाब देने के लिए पहले की तुलना में अधिक तैयार है। रेजाई ने यह भी कहा कि ईरान ने हाल ही में एक अमेरिकी विमानवाहक पोत के पास एंटी-शिप मिसाइल का परीक्षण किया है।
सऊदी अरब और हूतियों के बीच तनाव खत्म कराने की इच्छा
ईरान ने सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव कम करने की इच्छा भी जाहिर की है। रेजाई के मुताबिक, तेहरान दोनों पक्षों के बीच युद्ध समाप्त कराने के प्रयासों का समर्थन करता है। उन्होंने दावा किया कि हूती भी सऊदी अरब के साथ समझौते के इच्छुक हो सकते हैं।
अमेरिकी दबाव के बीच तेल बिक्री बढ़ने का दावा
इस बीच ईरान ने अमेरिकी दबाव और नौसैनिक नाकेबंदी के बावजूद तेल बिक्री में बढ़ोतरी का दावा किया है। ईरान के प्लान एंड बजट ऑर्गनाइजेशन के अनुसार, सितंबर में देश की कच्चे तेल की बिक्री तीन अरब डॉलर से अधिक रही।
हालांकि, उपलब्ध रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बीच ईरान ने अपने तेल निर्यात को किस तरह जारी रखा।
Comments are closed.