कश्मीर में ठिठुरन बढ़ी: कई इलाकों में तापमान माइनस में, जम्मू में भी दस्तक देने लगी कड़ाके की सर्दी

4

कश्मीर घाटी में इन दिनों कड़ाके की ठंड बढ़ती जा रही है। शुष्क मौसम के बीच न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और अधिकांश जिलों में रात का पारा शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग और श्रीनगर में रात के तापमान में समानता बनी हुई है, जबकि जम्मू में भी सुबह और रात के समय सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग (IMD श्रीनगर) के मुताबिक, 17 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। दिन के तापमान में मामूली गिरावट के साथ रातें अब और ठंडी होती जा रही हैं।

श्रीनगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 16.5°C, पहलगाम में 14.6°C, और गुलमर्ग में 8°C दर्ज किया गया। सभी इलाकों में यह सामान्य से नीचे रहा। वहीं, जम्मू में भी अब दिन में तपिश का असर कम हो गया है।

जम्मू में अधिकतम तापमान 26.2°C और न्यूनतम 11.4°C दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से कम है।

पर्वतीय इलाकों बनिहाल (19.8°C), बटोत (18.9°C), कटड़ा (23.4°C) और भद्रवाह (18.8°C) में भी सर्दी बढ़ती महसूस की जा रही है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगर अगले कुछ दिनों तक यही शुष्क मौसम जारी रहा तो घाटी के कई हिस्सों में तलहटी इलाकों में भी पाला (frost) गिरने की संभावना है।

घाटी में ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और जगह-जगह ‘कांगड़ी’ और हीटरों की मांग बढ़ने लगी है। पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी का इंतजार भी तेज हो गया है, क्योंकि नवंबर के उत्तरार्ध में पहली बर्फ गिरने की संभावना जताई जा रही है।

Comments are closed.