बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को पत्र लिखकर दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को बेहतर बनाने की पहल की है।
पत्र में बांग्लादेश ने अपनी टीम के भारत दौरे की इच्छा जताई है और साथ ही इस साल के अंत में भारत को बांग्लादेश में द्विपक्षीय सीरीज़ खेलने का न्योता भी दिया है। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र के तहत भारत का बांग्लादेश दौरा पहले से तय है, जिससे इस पहल का महत्व और बढ़ जाता है। यह कदम बांग्लादेश में नए प्रशासन द्वारा भारत के साथ हालिया तनावपूर्ण दौर को पीछे छोड़कर रिश्तों को सामान्य करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
हाल ही में बांग्लादेश ने पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को देश का सबसे युवा क्रिकेट प्रमुख नियुक्त किया है, जिसके बाद इस तरह की सकारात्मक पहल सामने आई है। इससे पहले दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में तनाव तब बढ़ गया था, जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का आईपीएल करार समाप्त कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आने से इनकार कर दिया था, जिस पर आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को यह एहसास हुआ है कि आईसीसी और बीसीसीआई से टकराव का उसके क्रिकेट पर नकारात्मक असर पड़ा है। इसी कारण अब वह संबंध सुधारने की दिशा में सक्रिय कदम उठा रहा है।
इधर, बांग्लादेश क्रिकेट प्रशासन में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। घोटाले के आरोपों के बाद सरकार ने BCB को भंग कर दिया है। पूर्व प्रमुख अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने अपने पद से हटाए जाने के खिलाफ आईसीसी का रुख किया है। बांग्लादेश सरकार के ‘नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल’ ने उनके नेतृत्व वाले बोर्ड को भंग कर 11 सदस्यीय अंतरिम समिति का गठन किया है, जो नए चुनाव होने तक बोर्ड के कामकाज की देखरेख करेगी। इस अंतरिम समिति की कमान तमीम इकबाल को सौंपी गई है।
Comments are closed.