‘असद जैसा अंजाम हो बाकी हत्यारों का भी’, बेटे की हत्या पर बोलीं सूर्या की मां; की सख्त कार्रवाई की मांग

0

गाजियाबाद एनकाउंटर: सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद ढेर, मां ने उठाई कड़ी कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में ईद के दिन हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे।

असद के एनकाउंटर के बाद मृतक सूर्या की मां सरोज की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि उनके बेटे को न्याय मिल सके।

सरोज ने यह भी मांग की कि हत्या के आरोपियों की संपत्तियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि उनके परिवार ने अपना जवान बेटा खोया है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य युवकों से पूछताछ की गई थी। आरोप है कि ईद के दिन सूर्या को बहाने से बुलाया गया, जहां उस पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या की बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और विभिन्न हिंदू संगठनों ने भी आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को जब सूर्या का शव उसके घर पहुंचा था, तब बड़ी संख्या में लोग और संगठन के प्रतिनिधि परिवार से मिलने पहुंचे थे।

Comments are closed.