18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट के चलते दिल्ली में आज ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी।
वीवीआईपी और विदेशी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई प्रमुख सड़कों पर डायवर्जन और नियंत्रित यातायात की व्यवस्था की है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन के मद्देनजर मध्य दिल्ली, नई दिल्ली और लुटियंस जोन के कई महत्वपूर्ण कॉरिडोर को नियंत्रित मार्गों की श्रेणी में रखा गया है।
इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, इंडिया गेट गोलचक्कर, मथुरा रोड और भैरों मार्ग शामिल हैं। निर्धारित अवधि में इन सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या नियंत्रित की जा सकती है।
इन रास्तों से डायवर्ट होंगे वाहन
ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए प्रभावित इलाकों में कई डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। जरूरत के अनुसार वाहनों को रिंग रोड और अन्य प्रमुख वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। वाहन चालकों से डायवर्जन रूट का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस के मुताबिक, ये प्रतिबंध ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने वाले वीवीआईपी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की सुरक्षित और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लगाए गए हैं।
Comments are closed.