त्विषा शर्मा मामला: गिरिबाला और पति कड़ी सुरक्षा में, 12 प्रहरियों के साथ बढ़ाई गई निगरानी

0

मॉडल एवं अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सेवानिवृत्त जिला जज गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह 2 जून से भोपाल की सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।

अदालत के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। जेल प्रशासन ने दोनों की निगरानी के लिए कुल 12 प्रहरियों की तैनाती की है। साथ ही, पहले से मौजूद 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी के अलावा बैरकों के आसपास अतिरिक्त कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि लगातार नजर रखी जा सके।

प्रारंभिक दिनों में विशेष निगरानी में रखे गए समर्थ सिंह को शुक्रवार शाम सामान्य बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया है, हालांकि उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं की गई है। उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग से पांच प्रहरियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वहीं, महिला जेल में बंद गिरिबाला सिंह की सुरक्षा के लिए सात महिला प्रहरियों को तैनात किया गया है। महिला सेल के अस्पताल वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, गिरिबाला सिंह के पूर्व न्यायिक कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण मामलों में फैसले दिए गए थे, जिनमें से कई दोषी वर्तमान में इसी जेल में बंद हैं। इसी कारण जेल प्रशासन इन कैदियों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रख रहा है।

इधर, मामले की जांच कर रही सीबीआई फॉरेंसिक रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक चैट्स और संबंधित लोगों के बयानों का मिलान कर रही है। इन सभी तथ्यों के आधार पर एक विस्तृत प्रश्नावली तैयार की जा रही है, जिसके बाद विशेषज्ञों की राय ली जाएगी और आगे आरोपपत्र की दिशा तय होगी।

सीबीआई को एम्स दिल्ली में हुए दूसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का भी इंतजार है, जो जांच में अहम भूमिका निभा सकती है।

Comments are closed.