इंडोनेशिया के जकार्ता में दो ट्रेनों की टक्कर, 7 की मौत, 81 घायल

4

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के पास एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जहां दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 81 अन्य घायल हो गए। हादसा शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर बेकासी तिमुर स्टेशन के पास हुआ।

सरकारी रेल कंपनी Kereta Api Indonesia (KAI) के प्रवक्ता फ्रानोटो विबोवो ने बताया कि अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि सेना, दमकल विभाग और राष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी की मदद से मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, एक कम्यूटर लाइन ट्रेन ट्रैक-1 पर खड़ी थी और पूर्व की ओर जा रही थी। इसी दौरान पश्चिम दिशा से आ रही एक लंबी दूरी की डीजल ट्रेन उसी ट्रैक पर आ गई और सामने से टकरा गई, जिससे भीषण हादसा हो गया।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कम्यूटर ट्रेन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Comments are closed.