UN मंच पर भारत ने पाकिस्तान को घेरा, आतंकवाद और झूठे प्रचार पर सुनाई खरी-खोटी

0

UN में भारत का पाकिस्तान पर तीखा पलटवार, आतंकवाद और दुष्प्रचार के आरोपों को किया खारिज

भारत ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में पाकिस्तान पर जोरदार हमला बोलते हुए उसके “झूठ, पाखंड और आतंकवाद को बढ़ावा देने” के रवैये को उजागर किया। भारत ने कहा कि पाकिस्तान लगातार दुष्प्रचार और फर्जी नैरेटिव के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंचों को गुमराह करने की कोशिश करता रहा है।

भारत ने पाकिस्तान द्वारा अपने ही देश के भीतर सक्रिय कुछ समूहों को “फित्ना अल हिंदुस्तान” कहे जाने की कड़ी निंदा की। भारतीय पक्ष ने इसे धार्मिक शब्दावली की आड़ में फैलाई जा रही सरकारी स्तर की गलत सूचना और प्रोपेगेंडा करार दिया।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वथानेनी ने “अफगानिस्तान में हालात” पर UNSC की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसी सरकार द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर अपने ही देश के भीतर मौजूद समूहों को इस तरह के नाम देना वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले वर्ष पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान में सक्रिय कुछ संगठनों को आधिकारिक तौर पर “फित्ना-अल-हिंदुस्तान” नाम दिया था और आरोप लगाया था कि वे भारत के इशारे पर काम करते हैं। हालांकि इन दावों के समर्थन में कोई ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

भारत ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को संरक्षण देता आया है और बिना आधार के भारत पर आरोप लगाकर अपनी घरेलू विफलताओं से ध्यान भटकाता है।

Comments are closed.