बिहार में घना कोहरा, भागलपुर में विजिबिलिटी लगभग शून्य; 7 जिलों में कोल्ड-डे अलर्ट

0

बिहार में घना कोहरा और सर्द हवाएं जारी, 7 जिलों में कोल्ड-डे अलर्ट; 4 जनवरी तक राहत नहीं

बिहार में घने कोहरे और सर्द पछुआ हवाओं के चलते कनकनी का असर बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार चार जनवरी तक मौसम में किसी बड़े सुधार के आसार नहीं हैं। शुक्रवार को राज्य के सात जिलों—गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया में कोल्ड-डे की चेतावनी जारी की गई है।

राज्य के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि पटना और आसपास के इलाकों में पछुआ हवाओं के कारण दिन-रात ठिठुरन बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।

जीरादेई रहा राज्य का सबसे ठंडा स्थान

गुरुवार को छपरा और मधुबनी में भीषण शीत दिवस, जबकि भागलपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में कोल्ड-डे की स्थिति दर्ज की गई। सिवान के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

राजधानी पटना में इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भागलपुर में विजिबिलिटी सबसे कम

घने कोहरे के कारण भागलपुर में दृश्यता मात्र 20 मीटर तक सिमट गई। पटना में सुबह के समय मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाओं के कारण कनकनी का असर बना रहा।

पटना का अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे

गयाजी, भागलपुर, पूर्णिया, छपरा, सबौर, डेहरी, शेखपुरा, वैशाली, औरंगाबाद, राजगीर, किशनगंज, मुंगेर और जहानाबाद में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

जनवरी में सामान्य से कम रहेगा न्यूनतम तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, जनवरी महीने में राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। वहीं, पश्चिमी बिहार में शीतलहर का असर सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान( डिग्री सेल्सियस में)

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
पटना 19.3 8.2
गयाजी 23.0 6.3
भागलपुर 19.2 7.2
मुजफ्फरपुर 17.2 10.0

Comments are closed.