दिल्ली में पानी सप्लाई को लेकर अहम अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली जल बोर्ड ने बताया है कि मरम्मत कार्य के चलते शहर के कई इलाकों में दो दिन तक पानी की किल्लत झेलनी पड़ सकती है।
मरम्मत के कारण सप्लाई प्रभावित
चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में जरूरी मेंटेनेंस के चलते 15 और 16 अप्रैल को पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। जल बोर्ड के अनुसार, यह शटडाउन पहले से तय था और गर्मियों में किसी बड़ी परेशानी से बचने के लिए जरूरी है।
इन इलाकों में ज्यादा असर
हिंदुराव अस्पताल, नया बाजार, कश्मीरी गेट, मोतिया खान, पूसा रोड, राजेंद्र नगर और पहाड़गंज समेत आसपास के इलाकों में पानी या तो बिल्कुल नहीं आएगा या फिर बहुत कम प्रेशर के साथ सप्लाई होगी।
6 घंटे का शटडाउन, दो दिन असर
15 अप्रैल को सुबह 10 बजे से करीब 6 घंटे के लिए प्लांट-2 बंद रहेगा। हालांकि, इसका असर अगले दिन यानी 16 अप्रैल तक भी देखने को मिल सकता है, क्योंकि सप्लाई सामान्य होने में समय लगेगा।
पहले भी आ चुकी है दिक्कत
पिछले महीने भी चंद्रावल प्लांट में तकनीकी समस्या के चलते मध्य दिल्ली और NDMC क्षेत्र में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई थी। उस दौरान एक बड़ी पाइपलाइन में खराबी आई थी।
लोगों को दी गई सलाह
जल बोर्ड ने प्रभावित इलाकों के लोगों को सलाह दी है कि वे पहले से पानी स्टोर कर लें, ताकि सप्लाई बाधित होने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
अधिकारियों का कहना है कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, जिससे गर्मियों के पीक सीजन में पानी की सप्लाई सुचारु रूप से जारी रखी जा सके।
Comments are closed.