दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलेगा, मंगलवार को बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

0

रविवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप निकल आई और मौसम साफ हो गया। पूरे दिन आसमान खुला रहने से तापमान में शनिवार के मुकाबले हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, मंगलवार को एक बार फिर मौसम करवट लेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिसके मद्देनज़र येलो अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.3 डिग्री नीचे था। शाम 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 46 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं, दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 134 दर्ज किया गया, जो शनिवार के 137 के मुकाबले थोड़ा बेहतर है। अगले कुछ दिनों में एक्यूआई में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

Comments are closed.