जम्मू-कश्मीर में बदलेगा मौसम का मिजाज: बारिश-आंधी से गिरेगा पारा, 12 मई तक अलर्ट

4

जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम इन दिनों राहत भरा बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के कारण तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 10 से 12 मई के बीच फिर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं और इस अवधि के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग के मुताबिक, 6 से 9 मई तक मौसम अधिकतर शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। इसके बाद 10 से 12 मई के बीच बादल फिर सक्रिय होंगे, जिससे कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा और हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों को सुझाव दिया गया है कि वे 6 मई से खेतों में काम फिर शुरू कर सकते हैं, लेकिन 10 मई के बाद मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें।

तापमान की बात करें तो राज्य के कई हिस्सों में पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। जम्मू में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। वहीं श्रीनगर में अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री और न्यूनतम 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जहां अच्छी बारिश भी दर्ज की गई।

गुलमर्ग जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा दिखा, जहां अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री और न्यूनतम 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बनिहाल और काजीगुंड में भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया और हल्की से मध्यम बारिश हुई।

कुल मिलाकर आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर में मौसम सुहावना तो रहेगा, लेकिन बीच-बीच में बारिश और तेज हवाएं परेशानी भी खड़ी कर सकती हैं, जिसे लेकर विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

Comments are closed.