दशहरे के बाद देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दिल्ली-NCR में रविवार से मौसम करवट लेने के संकेत हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि आज राजधानी में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। इससे लोगों को कई दिनों से चल रही उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने की उम्मीद है, जो दिनभर रुक-रुक कर जारी रह सकती है। इस बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और सुबह-शाम की ठंडक महसूस होने लगेगी।
यूपी में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी आज बारिश की संभावना जताई गई है। वाराणसी में बीते 21 घंटे में 187 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। बलिया में रेलवे ट्रैक धंसने से ट्रेनें कुछ देर के लिए ठप रहीं, जबकि कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
IMD ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, संभल, बदायूं समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
उत्तराखंड, हिमाचल और उत्तरी राज्यों में भी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी आज बारिश हो सकती है। इन राज्यों के पहाड़ी इलाकों में बादलों के जमने की अधिक संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह गतिविधि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से हो रही है, जो धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है।
बिहार में तबाही भरी बारिश
बिहार में लगातार हो रही बारिश ने कहर बरपाया है। अब तक 19 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में मुजफ्फरपुर, जहानाबाद, बेतिया, वैशाली, गोपालगंज, किशनगंज समेत कई जिलों के लोग शामिल हैं।
वज्रपात, मकान गिरने और पेड़ गिरने की घटनाओं के कारण नुकसान हुआ है। कई जिलों में फसलों और पशुओं को भी हानि पहुंची है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है।
पश्चिम बंगाल में मौसम की आंख-मिचौली
पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 4 से 8 अक्टूबर के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
अलीपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को आसमान कभी बादलों से घिरा रहेगा तो कभी आंशिक रूप से साफ। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि भारी बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि ओडिशा से झारखंड होते हुए बिहार की ओर बढ़ा निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर पड़ चुका है और अगले 24 घंटों में और कमजोर होने की संभावना है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है क्योंकि तटीय इलाकों में हवाएं तेज चल सकती हैं।
Comments are closed.