दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बावजूद कोहरा फिलहाल नदारद है, लेकिन कड़ाके की ठंड का दौर जल्द लौटने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान गिरकर 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान भी 19 से 20 डिग्री के आसपास बना रहने का अनुमान है।
हालांकि विभाग ने मध्यम कोहरे की संभावना जताई थी, लेकिन अभी तक कोहरा देखने को नहीं मिला। क्रिसमस के दिन यानी 25 दिसंबर को मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, जबकि 26 दिसंबर के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 29 दिसंबर को घना कोहरा छा सकता है। वहीं उत्तराखंड में 28 दिसंबर को कोहरे की स्थिति गंभीर रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश में 25 दिसंबर को घने कोहरे के आसार जताए गए हैं। बिहार, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में 28 दिसंबर को बेहद घना कोहरा पड़ सकता है। पश्चिम बंगाल और झारखंड में 25 दिसंबर, छत्तीसगढ़ में 24 दिसंबर, पूर्वोत्तर भारत में 26 दिसंबर और बिहार में 26 से 28 दिसंबर के बीच अत्यधिक कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 दिसंबर को शीत दिवस की संभावना है, जबकि बिहार में 23 से 28 दिसंबर तक ठंड का प्रकोप बना रह सकता है।
उत्तर प्रदेश के आगरा, बरेली, प्रयागराज, कानपुर, बहराइच, आजमगढ़, गोरखपुर, बलिया, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, गाजीपुर, सुल्तानपुर, बांदा, कुशीनगर और हिंडन एयरपोर्ट के आसपास गाजियाबाद में भी कोहरा पड़ने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, पंजाब के अमृतसर और फरीदकोट, हरियाणा के हिसार और अंबाला में भी अगले दो दिनों तक कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 23 दिसंबर और 27 से 29 दिसंबर के बीच बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 और 29 दिसंबर को बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति जस की तस
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर बना हुआ है। राजधानी के 40 निगरानी केंद्रों में से अधिकांश में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 के पार दर्ज किया गया है।
दिल्ली: 355
नोएडा: 355
ग्रेटर नोएडा: 344
गुरुग्राम: 316
चांदनी चौक, आईटीओ और वजीरपुर जैसे इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।
Comments are closed.