दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सोमवार सुबह से ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश हो रही है, जिसने मार्च की गर्मी के बीच लोगों को राहत दी है।
ठंडी हवाओं के साथ मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज पूरे दिन हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। न्यूनतम तापमान करीब 16°C और अधिकतम तापमान 30–32°C के आसपास रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले 4–5 दिनों तक बादल छाए रहेंगे और तेज धूप से राहत मिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादलों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और हवा भी अपेक्षाकृत साफ हुई है।
वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के साथ 30–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। 26 मार्च के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम फिर प्रभावित हो सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर दिख रहा है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 26 मार्च तक गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यहां जलभराव, बिजली गिरने और तेज आंधी से नुकसान की आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में मौसम ने अलग-अलग रूप दिखाया। पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में ओलावृष्टि और आंधी-तूफान दर्ज किए गए, जबकि कुछ दक्षिणी राज्यों में तापमान 35–37°C तक पहुंच गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.9°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान 4–7°C तक बढ़ सकता है, लेकिन फिलहाल दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में लोगों को गर्मी और प्रदूषण से राहत बनी रहेगी।
Comments are closed.