जुबीन गर्ग मौत मामला: CM हिमंत सरमा ने जांच तेज करने के निर्देश, 10 अक्टूबर को सामने आएगा जहर का राज
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार को गायक जुबीन गर्ग के विसरा नमूने की जांच रिपोर्ट नई दिल्ली स्थित केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) से 10 अक्टूबर को प्राप्त होगी। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि जुबीन की मौत में जहर का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।
जांच तेज, न्यायिक समिति की निगरानी में
सीएम सरमा ने बताया कि मामले की जांच न्यायिक समिति की निगरानी में तेज कर दी गई है। विसरा नमूने की रिपोर्ट से जुबीन की मौत के पीछे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शेखर ज्योति इस मामले में आरोपियों में से एक हैं और संभव है कि वह दूसरों पर आरोप लगाकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हों।
जुबीन के मैनेजर पर जहर देने का आरोप
शेखर ज्योति गोस्वामी ने दावा किया है कि जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और फेस्टिवल आयोजक श्यामकानु महंत ने उन्हें सिंगापुर में जहर दिया, जिसके कारण उनकी मौत हुई। यह जानकारी पुलिस रिमांड नोट और आधिकारिक दस्तावेजों में दर्ज है।
आरोपियों को 14 दिन की रिमांड पर भेजा
फेस्टिवल आयोजक, जुबीन के मैनेजर और बैंड के दो सदस्य — शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृतप्रभा महंत — को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। जुबीन की मौत सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में हुई थी।
पत्नी ने लौटाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट
जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग और बहन पाल्मी बोरठाकुर के बयान एसआइटी ने दर्ज किए। इस दौरान गरिमा ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को लौटाते हुए कहा कि यह उनका निजी दस्तावेज है और इसे सार्वजनिक करने का निर्णय केवल जांचकर्ता ही कर सकते हैं।
इससे पहले, जुबीन की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट गरिमा को सौंपा गया था। पहली रिपोर्ट गुरुवार को उन्हें दी गई थी। मुख्यमंत्री सरमा ने शुक्रवार को कहा था कि रिपोर्ट सार्वजनिक करना गरिमा की इच्छा पर निर्भर है।
Comments are closed.