कोलकाता गैंगरेप मामला: लॉ छात्रा की दूसरी मेडिकल रिपोर्ट में भी दुष्कर्म की पुष्टि, गंभीर चोटों का खुलासा
कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़िता की दूसरी मेडिकल रिपोर्ट भी सामने आ गई है। रिपोर्ट में यौन हिंसा की पुष्टि हुई है, जिसमें पीड़िता के शरीर पर गंभीर चोटों और आंतरिक जख्मों के प्रमाण मिले हैं।
यह दूसरी जांच कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के फॉरेंसिक और स्त्री रोग विशेषज्ञों की टीम द्वारा की गई। इससे पहले की मेडिकल जांच रिपोर्ट नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने तैयार की थी।
मेडिकल रिपोर्ट में क्या सामने आया?
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दूसरी रिपोर्ट में पीड़िता के गुप्तांग में जख्म, छाती और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। यौन उत्पीड़न से जुड़े पर्याप्त प्रमाण पीड़िता के शरीर से एकत्र किए गए हैं। जांच के तहत पीड़िता के नाखून, बाल, और अन्य शारीरिक नमूनों के साथ-साथ जब्त की गई हाकी स्टिक, कपड़े और अन्य सामग्रियों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
चार गिरफ्तार, आरोप गंभीर
इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है — जिनमें कॉलेज का एक पूर्व छात्र मनोजित मिश्रा (जो तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है), दो वरिष्ठ छात्र प्रमित मुखर्जी और जैब अहमद, तथा एक सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। आरोप है कि 25 जून की रात इन तीनों ने कॉलेज परिसर में स्थित सुरक्षाकर्मियों के कमरे में वारदात को अंजाम दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने घटना के समय एक सुरक्षाकर्मी का मोबाइल फोन भी जबरन छीन लिया था।
हाई कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
कोलकाता हाई कोर्ट ने सोमवार को तीन वकीलों को इस मामले में जनहित याचिका दाखिल करने की अनुमति दी। याचिकाओं में अदालत से अपील की गई है कि वह मामले की जांच की निगरानी करे और राज्य के कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देश जारी करे। याचिकाओं पर सुनवाई इस सप्ताह के अंत तक होने की संभावना है।
पुलिस ने बनाए 17 छात्रों की सूची
पुलिस ने उन 17 छात्रों की सूची तैयार की है जो घटना के दिन दोपहर बाद कॉलेज में मौजूद थे। इन सभी से पूछताछ की जाएगी ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Comments are closed.