पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस को गुरुवार रात ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे संदेश में राज्यपाल को “बम से उड़ाने” की बात कही गई है। ईमेल मिलने के तुरंत बाद आधी रात को राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात एजेंसियों की आपात बैठक बुलाई गई।
ईमेल से दी गई जान से मारने की धमकी
अधिकारी के मुताबिक, धमकी देने वाले व्यक्ति ने ईमेल में अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया है। इस मामले की जानकारी राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को दे दी गई है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी घटना से अवगत करा दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था और सख्त
घटना की सूचना केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी भेजी गई है। राज्यपाल की सुरक्षा को लेकर राज्य पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। सी. वी. आनंद बोस को पहले से ही जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है और अब उनकी सुरक्षा में 60 से 70 केंद्रीय सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
बीजेपी ने ममता सरकार पर साधा निशाना
इस मामले को लेकर बीजेपी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और हालात ऐसे हैं कि राज्यपाल तक सुरक्षित नहीं हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की जांच में जुटी हैं और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Comments are closed.