राजधानी दिल्ली इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे सर्दी और ज्यादा बढ़ गई।
महामाया फ्लाईओवर, अक्षरधाम समेत दिल्ली-नोएडा के कई हिस्सों में बारिश हुई। बादलों से ढके आसमान के बीच तापमान गिरकर करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले कई दिनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भीषण ठंड का दौर जारी है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में इस सीजन का तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना रहा।
प्रदूषण में आ सकती है कमी
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश के चलते हवा में प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं और शीतलहर का असर बना रहेगा।
कोहरे को लेकर अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, मध्य भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी अगले 2 से 3 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कम विजिबिलिटी के चलते वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शीतलहर और कोल्ड डे की चेतावनी
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका जताई गई है। वहीं पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर का प्रभाव बना रह सकता है, जिससे तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाएगा।
पहाड़ों पर जमी बर्फ, बर्फीली हवाएं
जम्मू-कश्मीर में डल झील समेत कई जलस्रोतों में पानी जम गया है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। गुरुवार को श्रीनगर सहित कई स्थानों पर इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
दक्षिण भारत में भी बारिश का अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने तमिलनाडु में तेज बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की है।
Comments are closed.