ED रेड के खिलाफ ममता का मार्च, बंगाल में तनाव; कोर्ट में अहम सुनवाई आज

1

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने लगा है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से राजनीतिक कंसल्टेंसी फर्म आई-पैक (I-PAC) के कोलकाता स्थित ऑफिस और उसके डायरेक्टर व को-फाउंडर प्रतीक जैन के घर पर की गई छापेमारी के खिलाफ शुक्रवार को विरोध रैली निकालने का ऐलान किया है। ममता बनर्जी का आरोप है कि चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई राजनीतिक रूप से प्रेरित है।

वहीं, बीजेपी ने पलटवार करते हुए दावा किया है कि देश के इतिहास में यह पहला मामला है, जब किसी मौजूदा मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर ईडी की चल रही जांच में हस्तक्षेप किया हो। इसी मुद्दे को लेकर ईडी ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया है। राज्य में विधानसभा चुनाव इस साल अप्रैल–मई में प्रस्तावित हैं।

ईडी और टीएमसी दोनों पहुंचे अदालत ईडी ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि आई-पैक के ऑफिस और प्रतीक जैन के घर पर छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हस्तक्षेप कर जांच में बाधा डाली। एजेंसी का दावा है कि तलाशी के दौरान जबरन दस्तावेज हटाए गए। इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को होने की संभावना है।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने भी ईडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता बनर्जी ने दावा किया है कि एजेंसी ने पार्टी से जुड़े चुनावी दस्तावेज चुरा लिए। टीएमसी ने इस मुद्दे पर अलग से कलकत्ता हाई कोर्ट जाने का फैसला किया है। न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष ने मामले की सुनवाई की अनुमति दे दी है।

‘क्या मुझे विरोध करने का हक नहीं?’
गुरुवार को गंगासागर मेले के लिए बाबूघाट में बने ट्रांजिट कैंप के उद्घाटन के दौरान ममता बनर्जी ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अगर वे एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर हम पर हमला करें, मेरे खिलाफ झूठे मामले बनाएं या हमारे दस्तावेज चुराने की कोशिश करें, तो क्या मुझे इसका विरोध नहीं करना चाहिए?”

जादवपुर से हाजरा तक पैदल मार्च
मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि वह शुक्रवार को जादवपुर 8बी बस स्टैंड से हाजरा चौराहे तक विरोध रैली का नेतृत्व करेंगी। यह रैली पांच किलोमीटर से अधिक लंबी होगी। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ईडी ने छापेमारी के दौरान पार्टी का डेटा, एसआईआर से जुड़ी जानकारी और अन्य अहम दस्तावेज जब्त कर लिए। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।

कहां-कहां हुई ईडी की छापेमारी
ईडी ने कोयला चोरी घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत गुरुवार को कोलकाता में आई-पैक के सॉल्ट लेक सेक्टर-5 स्थित ऑफिस और इसके डायरेक्टर प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया। आई-पैक वर्ष 2019 से तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक कंसल्टेंसी का काम कर रही है।

प्रतीक जैन के घर पहुंचीं ममता
छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रतीक जैन के घर पहुंचीं। परिसर से निकलते समय उन्हें दस्तावेज और एक लैपटॉप ले जाते हुए देखा गया। ममता बनर्जी का कहना है कि ये तृणमूल कांग्रेस के हैं और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े हुए हैं। इसके बाद वह सॉल्ट लेक स्थित आई-पैक ऑफिस भी गईं। आरोप है कि उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों को वहां से फाइलें और डायरी निकालते हुए देखा गया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ईडी ने छापेमारी की आड़ में पार्टी की चुनावी रणनीति, उम्मीदवारों की सूची, आंतरिक डेटा और वित्तीय दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।

Comments are closed.