दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों की तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बाद आज मौसम कुछ राहत देने वाला रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में हल्की गिरावट महसूस हो सकती है। हालांकि सोमवार से एक बार फिर धूप तेज होगी और गर्मी बढ़ने लगेगी। अधिकतम तापमान 35-37°C और न्यूनतम 18-20°C के बीच रहने का अनुमान है, साथ ही 15-25 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में लू का अलर्ट, गर्मी बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा। बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में दोपहर के समय लू चलने की चेतावनी जारी की है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर और तेज महसूस होगा।
बिहार में तापमान चढ़ेगा, सतर्क रहने की सलाह
बिहार में भी मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। पटना, गया, जहानाबाद, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, बक्सर, सिवान, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, कटिहार और खगड़िया जैसे जिलों में गर्मी का असर बढ़ेगा। लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 12 अप्रैल को बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। उत्तराखंड के नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आ सकता है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, शिमला, सोलन, चंबा, ऊना, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है, जबकि मनाली जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिर सकता है।
जम्मू-कश्मीर में शोपियां, बांदीपोरा, रामबन, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, राजौरी, सांबा, गांदरबल, कठुआ, डोडा और उधमपुर में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। किसानों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.