‘स्थिति गंभीर’: सऊदी अरब में भारी बारिश से बाढ़, स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश

1

सऊदी अरब में भारी बारिश और बाढ़ के बाद हालात बिगड़ गए हैं, जिसके चलते कई इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद करने का आदेश जारी किया गया है।

Saudi Arabia के रियाद और अल-अहसा प्रांत समेत कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने हालात को देखते हुए सुरक्षा कारणों से शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है।

रविवार को रियाद, नज्रान, मक्का और पूर्वी प्रांत के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई इलाकों में सामान्य जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़कों पर तेज़ पानी का बहाव देखा गया, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मौसम विभाग की चेतावनी

सऊदी मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। मध्य और उत्तरी क्षेत्रों में धूल भरी तेज हवाओं के साथ विजिबिलिटी कम होने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 45 किमी/घंटा से अधिक और समुद्री क्षेत्रों में 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।

स्कूल और यूनिवर्सिटी बंद

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में प्रत्यक्ष कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से अल-बहा यूनिवर्सिटी, किंग सऊद बिन अब्दुलअजीज हेल्थ साइंसेज यूनिवर्सिटी और किंग खालिद यूनिवर्सिटी शामिल हैं। कई जगहों पर ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन अलर्ट पर

Saudi Civil Defense ने रियाद और आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले मंगलवार तक कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। राहत और बचाव टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

Comments are closed.