प्रदेश के करीब 40 से अधिक जिलों में शुक्रवार को आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।
कई जगहों पर तापमान में 4 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की तेज गिरावट दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम होकर 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इससे दिन और रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। सोमवार से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से पूर्वी से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक अगले 2-3 दिनों में आंधी और बारिश का दौर लौट सकता है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बीते दो दिनों की बारिश और तेज हवाओं ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। शुक्रवार देर रात लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, कानपुर, उन्नाव, बलिया और गाजीपुर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन का तापमान गिरकर 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच आ गया।
वहीं, कुछ इलाकों में गर्मी का असर बरकरार है। उरई लगातार दूसरे दिन 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि हरदोई में 17 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार के बाद बारिश का दायरा सिमट गया है। शनिवार को पूर्वी और तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसका असर रविवार तक देखने को मिल सकता है। ज्यादातर जिलों में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी के आसार हैं, लेकिन इसके बाद फिर से मौसम करवट ले सकता है।
Comments are closed.