कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) 2026 की शुरुआत रविवार से हो रही है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित यह परीक्षा 11 मई से 31 मई तक कंप्यूटर आधारित मोड (सीबीटी) में कराई जाएगी। इस वर्ष परीक्षा के लिए 15.68 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।
सीयूईटी-यूजी 2026 का आयोजन देशभर के परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ विदेशों के 13 देशों के 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों में भी किया जाएगा। इनमें यूएई के शारजाह और अबू धाबी, सऊदी अरब के रियाद, कुवैत, नेपाल का काठमांडू, कतर का दोहा, ओमान का मस्कट, बहरीन का मनामा, सिंगापुर, मलेशिया का कुआलालंपुर और अमेरिका का वाशिंगटन डीसी शामिल हैं।
एनटीए के अनुसार यह दुनिया की सबसे बड़ी कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपनी धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीक या वस्तुएं पहनने की अनुमति होगी, हालांकि इसके लिए उन्हें जांच प्रक्रिया पूरी करने हेतु परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना होगा।
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि ‘कलावा’ जैसे धार्मिक धागे पहनने पर कोई रोक नहीं है। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.