NEET परीक्षा रद्द होने से सदमे में छात्र ने दी जान, सुसाइड नोट में छलका दर्द

0

गोवा के कर्टोरिम इलाके में 17 वर्षीय एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र NEET परीक्षा रद्द होने के बाद काफी तनाव में था। पेपर लीक विवाद के चलते परीक्षा रद्द किए जाने की खबर से वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था।

मार्गो के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले इस छात्र ने आत्महत्या से पहले एक नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने लिखा कि वह अब किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी मां और बहन पैतृक गांव गई हुई थीं। जब उसके पिता, जो रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं, घर लौटे तो उन्होंने बेटे को मृत अवस्था में पाया। परिवार मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, छात्र ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दी। मामले की सूचना मिलने के बाद मैना-कर्टोरिम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दक्षिण गोवा जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मैना-कर्टोरिम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर कपिल नाइक ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Comments are closed.