दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में एक क्रूज शिप पर पेट संबंधी संक्रमण के संभावित मामलों के बाद हड़कंप मच गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर करीब 1700 यात्रियों को जहाज पर ही रोक दिया है। शुरुआती जांच में कई यात्रियों में उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द जैसे गैस्ट्रोएन्टराइटिस के लक्षण पाए गए हैं, जिससे Norovirus संक्रमण की आशंका जताई जा रही है।
‘एम्बिशन’ नाम का यह क्रूज शिप 8 और 9 मई को ब्रिटेन के Belfast और Liverpool से यात्रियों को लेकर फ्रांस और स्पेन की यात्रा पर निकला था। फ्रांस के गिरोंद क्षेत्र की स्वास्थ्य एजेंसी के मुताबिक जहाज पर करीब 50 यात्रियों में पेट संक्रमण के लक्षण सामने आए हैं।
स्थिति सामने आने के बाद स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित यात्रियों की मेडिकल जांच शुरू कर दी और उन्हें उनके केबिन में आइसोलेट कर दिया गया। एहतियातन Bordeaux में यात्रियों के उतरने की योजना फिलहाल रोक दी गई है। संक्रमित यात्रियों के सैंपल जांच के लिए Bordeaux University Hospital के संक्रामक रोग विभाग भेजे गए हैं।
इस बीच 10 मई को जहाज पर यात्रा कर रहे 92 वर्षीय एक यात्री की मौत भी हो गई। हालांकि क्रूज ऑपरेटर Ambassador Cruise Line ने स्पष्ट किया है कि मृत यात्री में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल बीमारी के कोई लक्षण नहीं पाए गए थे। कंपनी ने कहा कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए कोरोनर की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फ्रांस की क्षेत्रीय स्वास्थ्य एजेंसी ने यह भी साफ किया है कि इस घटना का किसी अन्य क्रूज शिप ‘होंडियस’ पर सामने आए हंटावायरस संक्रमण से कोई संबंध नहीं है। वहीं Ambassador Cruise Line ने पुष्टि की है कि 14 दिन की यात्रा के दौरान कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स में पेट संबंधी बीमारी के लक्षण पाए गए हैं, जिसके बाद सभी जरूरी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं।
Comments are closed.