उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट

0

उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है।

उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां बुधवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यहां पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। शुरुआती तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान के थार रेगिस्तान और पाकिस्तान के शुष्क इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तापमान बढ़ा रही हैं। रात के समय भी गर्मी कम नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड, पूर्वांचल और पश्चिमी हिस्सों में हालात बेहद गंभीर हैं। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा, कानपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। गुरुवार और शुक्रवार के लिए 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली के रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के रोहतक में 46.9 और पंजाब के बठिंडा में 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान का श्रीगंगानगर 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा।

मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का असर तेज हो गया है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊना में पारा 44 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में भी इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। उत्तराखंड के देहरादून और मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।

पूर्वी भारत में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है। ओडिशा के झारसुगुड़ा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलकाता में उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ी रही। तेलंगाना के कई हिस्सों में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 25 मई से शुरू होने वाला नौतपा इस बार गर्मी के नए रिकॉर्ड बना सकता है। इस दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है।

भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और चक्कर आने के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है।

Comments are closed.