त्विषा मौत मामला: आज होगा दूसरा पोस्टमार्टम, SC ने स्वत: लिया संज्ञान; दिल्ली AIIMS की टीम भोपाल रवाना

1

नोएडा की 33 वर्षीय मॉडल-एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में आज अहम घटनाक्रम होने जा रहा है।

दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंच रही है, जहां त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। यह दूसरा पोस्टमार्टम मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर कराया जा रहा है।

एम्स दिल्ली द्वारा गठित चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड भोपाल AIIMS में वीडियोग्राफी के साथ विस्तृत पोस्टमार्टम करेगा। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी खुद एम्स दिल्ली के निदेशक स्तर पर की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः लिया संज्ञान

त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत और दहेज उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड जानकारी के मुताबिक, मीडिया रिपोर्ट्स और मामले से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए शीर्ष अदालत ने इस प्रकरण पर स्वतः सुनवाई का फैसला किया।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ सोमवार, 25 मई को मामले की सुनवाई करेगी। मामले का शीर्षक रखा गया है — “एक युवती की उसके ससुराल में अप्राकृतिक मृत्यु में कथित संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियात्मक अनियमितताएं”।

ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं त्विषा

त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। उनकी शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद दहेज उत्पीड़न के आरोप में उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

गिरिबाला सिंह पूर्व जिला जज रह चुकी हैं और वर्तमान में भोपाल जिला उपभोक्ता न्यायालय की अध्यक्ष हैं। वहीं, समर्थ सिंह को शुक्रवार शाम जबलपुर जिला अदालत में आत्मसमर्पण के दौरान गिरफ्तार किया गया। वह एफआईआर दर्ज होने के बाद करीब 10 दिनों से फरार चल रहे थे।

स्थानीय अदालत ने शनिवार को समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। आरोपी पक्ष का कहना है कि रिमांड खत्म होने के बाद वह दोबारा जमानत याचिका दाखिल करेगा।

CBI जांच की सिफारिश

मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच की सिफारिश भी की है। त्विषा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जल्द से जल्द CBI को जांच अपने हाथ में लेनी चाहिए।

Comments are closed.