दिल्ली में गहराया पानी संकट, कई इलाकों में बूंद-बूंद को तरसे लोग

0

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली के कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है।

पानी की कमी से परेशान लोगों का कहना है कि जल बोर्ड को लगातार शिकायतें देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कई इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए जूझ रहे हैं, जबकि कुछ जगहों पर दूषित पानी की आपूर्ति ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

मॉडल टाउन के आर ब्लॉक में पिछले चार दिनों से पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके की हजारों की आबादी प्रभावित है। 75 वर्षीय निवासी प्रेम नाथ सिंघल ने बताया कि बढ़ती गर्मी के साथ जल संकट भी गंभीर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

वहीं मुखर्जी नगर के रॉयल पार्क इलाके में लोगों को गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई का सामना करना पड़ रहा है। निवासी उज्जवल सिंह बक्शी के अनुसार पिछले एक सप्ताह से नलों में ऐसा पानी आ रहा है, जिसका इस्तेमाल घरेलू कामों में भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय एसोसिएशन ने जल बोर्ड से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

राजधानी के अन्य इलाकों में भी जल संकट की तस्वीर चिंताजनक बनी हुई है। नबी करीम, मोतिया खान, मलका गंज, बलजीत नगर, आनंद पर्वत, राजेंद्र नगर, चावड़ी बाजार, बीआर कैंप और संजय गांधी कैंप जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पानी की कमी से लोग परेशान हैं।

इंद्रपुरी की निवासी पोनमुदी लक्ष्मण ने बताया कि इलाके के लोग पूरी तरह पानी के टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। पानी भरने के लिए लोगों को तेज धूप में घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार दो-दो दिन तक टैंकर नहीं पहुंचता, जिससे लोगों को बिना पर्याप्त पानी के ही काम चलाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में जल संकट ने दैनिक जीवन को बेहद कठिन बना दिया है और जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Comments are closed.