एनएसए अजीत डोभाल की मास्को में रूस के उप प्रधानमंत्री से मुलाकात, रक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने शुक्रवार को मास्को में रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-रूस द्विपक्षीय सहयोग की व्यापक समीक्षा की और रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की।
बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने और मौजूदा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
डोभाल ने मास्को में आयोजित पहले अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा फोरम के दौरान म्यांमार के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टिन आंग सान से भी मुलाकात की। इस दौरान सुरक्षा, रक्षा, संपर्क और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई, साथ ही क्षेत्रीय परिस्थितियों पर भी विचार साझा किए गए।
जानकारी के अनुसार, म्यांमार के एनएसए जुलाई में होने वाली 5वीं बिम्सटेक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में भाग लेने के लिए भारत का दौरा करेंगे। इससे पहले डोभाल ने रूस की सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु से भी मुलाकात की थी।
अपने मास्को दौरे के दौरान अजीत डोभाल ने रूस के राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा किया। यहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद रूसी अंतरिक्ष दल से बातचीत की। यह केंद्र सोवियत अंतरिक्ष यात्री वेरा टेरेश्कोवा के नाम पर स्थापित है।
Comments are closed.