दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस बार तेज रफ्तार से आगे बढ़ते हुए देश के कई हिस्सों में सक्रिय हो गया है। 4 जून को केरल तट से टकराने के बाद 48 घंटे के भीतर ही मॉनसून 7 राज्यों तक पहुंच गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले दो दिनों में मॉनसून केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और मिजोरम तक फैल चुका है। शनिवार को मॉनसून ने पूर्वोत्तर भारत में मणिपुर और मिजोरम में प्रवेश किया। इसके साथ ही महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, गोवा के शेष क्षेत्रों, कर्नाटक और तमिलनाडु के बड़े हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
IMD ने बताया कि मॉनसून दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में भी आगे बढ़ चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून तेलंगाना और पूर्वोत्तर भारत के अन्य राज्यों तक भी पहुंच सकता है। आने वाले 7 दिनों में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में भी मौसम ने करवट ली है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। IMD के अनुसार, शनिवार और रविवार को राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मध्य प्रदेश में भी मौसम सक्रिय है और कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, खंडवा और शहडोल सहित कई जिलों में मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रीवा और अन्य जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, उज्जैन और अन्य संभागों में बारिश दर्ज की गई है। भोपाल में 22.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि कुछ अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा देखी गई।
Comments are closed.