पटना हिंसा पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 24 FIR दर्ज; 258 लोग गिरफ्तार

0

पटना हिंसा: 24 FIR, 258 गिरफ्तार; 6 हजार अज्ञात पर केस, 43 पुलिसकर्मी घायल

पटना में 22 और 25 जुलाई को हुए उग्र प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थाना में अब तक कुल 24 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

30 छात्राओं को निजी बांड पर छोड़ा गया

पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई गांधी मैदान थाना क्षेत्र में हुई, जहां 138 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कोतवाली थाना पुलिस ने 49 लोगों को हिरासत में लिया। इसके अलावा पहले की कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों के साथ, 30 छात्राओं को मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निजी बांड पर रिहा कर दिया गया।

285 नामजद, 6 हजार अज्ञात पर भी केस

हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने 285 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जबकि करीब 6 हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपितों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

43 पुलिसकर्मी और 300 से अधिक छात्र घायल

प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प और लाठीचार्ज में आईजी, थानेदार, सब-इंस्पेक्टर और जवानों समेत कुल 43 पुलिसकर्मी घायल हुए। दूसरी ओर, 300 से अधिक छात्र भी चोटिल हुए, जिनमें करीब 60 छात्रों को गंभीर चोटें आईं। कई छात्रों के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि कई के हाथ-पैर टूटने की भी सूचना है।

वाहनों में तोड़फोड़

प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान और कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस और आम लोगों के कुल 11 वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्रमुख गिरफ्तारियां

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई प्रमुख लोगों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें शामिल हैं:

तेज प्रताप यादव (जनशक्ति जनता दल के संस्थापक)
संदीप सौरभ (पालीगंज विधायक, भाकपा माले)
शांतनु शेखर (पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष)
धनंजय (आइसा प्रदेश अध्यक्ष)
दीपांकर मिश्रा (आइसा महासचिव)
दिव्यम (आइसा राज्य सचिव)
आफरीन (आइसा नेत्री)
मनीष यादव (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष)
आनंद कुमार यादव (पालीगंज मुखिया संघ अध्यक्ष)

Comments are closed.