CWG में भारत की डबल जीत! नीरज चोपड़ा को सिल्वर, यशवीर सिंह ने जीता ब्रॉन्ज

0

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए।

स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि यशवीर सिंह ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं, पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम पदक की दौड़ से बाहर हो गए।

ठंडे मौसम और तेज हवाओं के बीच खेले गए फाइनल में नीरज चोपड़ा ने शुरुआत 80.97 मीटर के थ्रो से की। दूसरे प्रयास में उन्होंने 85.83 मीटर का शानदार थ्रो कर पदक की दावेदारी मजबूत कर ली। हालांकि, श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 89.75 मीटर का बेहतरीन थ्रो फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

नीरज अपने दूसरे प्रयास के 85.83 मीटर के थ्रो में सुधार नहीं कर सके और सिल्वर मेडल के साथ प्रतियोगिता समाप्त की। दूसरी ओर, यशवीर सिंह ने आखिरी प्रयास में 85.41 मीटर का पर्सनल बेस्ट थ्रो फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया और भारत की झोली में दूसरा पदक डाल दिया।

फाइनल में भारत के तीनों एथलीट—नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह—शुरुआती चरण पार कर टॉप-8 में पहुंचे। इसके विपरीत, पाकिस्तान के अरशद नदीम का पहला प्रयास फाउल रहा और शुरुआती तीन थ्रो के बाद वह शीर्ष-8 में जगह नहीं बना सके। इसी के साथ उनका अभियान समय से पहले ही समाप्त हो गया।

भारत ने इस स्पर्धा में पोडियम पर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करते हुए शानदार 2-3 फिनिश दर्ज की। नीरज चोपड़ा के सिल्वर और यशवीर सिंह के ब्रॉन्ज के साथ भारत ने जैवलिन थ्रो में अपनी मजबूत मौजूदगी एक बार फिर साबित कर दी।

Comments are closed.