इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ रिलीज को तैयार, सेंसर बोर्ड ने 9 सीन्स में कराए बदलाव

1

इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है।

फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। हालांकि, बोर्ड ने सर्टिफिकेट जारी करने से पहले फिल्म में नौ बदलाव करने के निर्देश दिए हैं।

करीब 19 साल बाद ‘आवारापन’ का सीक्वल बड़े पर्दे पर लौट रहा है। फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। रिलीज से पहले फिल्म को सेंसर बोर्ड के पास भेजा गया था, जहां 5 अगस्त को इसे UA 16+ सर्टिफिकेट जारी किया गया।

CBFC के रिकॉर्ड के अनुसार, ‘आवारापन 2’ का रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट है। तुलना करें तो 2007 में रिलीज हुई पहली ‘आवारापन’ की अवधि करीब 2 घंटे 13 मिनट थी।

फिल्म में किए गए 9 बदलाव

सर्टिफिकेट के साथ सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुल नौ संशोधन भी सुझाए। बोर्ड ने ड्रग्स के इस्तेमाल और बच्चों की तस्करी से जुड़े विषयों पर उपयुक्त डिस्क्लेमर जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, ऑडियो और सबटाइटल में इस्तेमाल कुछ आपत्तिजनक शब्दों को बदलने के लिए कहा गया।

हिंसक दृश्यों में भी बदलाव किए गए हैं। एक एक्शन सीन की हिंसा को लगभग 50 प्रतिशत तक कम किया गया है। इसके अलावा, ड्रग्स के सेवन से जुड़े एक दृश्य और फिल्म के एंड क्रेडिट्स में भी संशोधन किए गए हैं।

14 अगस्त को होगी रिलीज

नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लंबे इंतजार के बाद आ रहे इस सीक्वल को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 2007 की कल्ट फॉलोइंग हासिल करने वाली ‘आवारापन’ के बाद इसका सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करता है।

Comments are closed.