ब्रिटेन में बाल यौन शोषण और मानव तस्करी से जुड़े गंभीर आरोपों का सामना कर रहे पाकिस्तान के पूर्व मंत्री रुखसार अहमद ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है।
62 वर्षीय अहमद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी के उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित हुए हैं। द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पिछले सप्ताह हुए चुनाव में जीत हासिल कर पांच साल बाद विधानसभा में वापसी की है।
1990 के दशक के मामलों में जांच का सामना
रुखसार अहमद को जुलाई 2024 में ब्रिटेन के मैनचेस्टर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि 1990 के दशक में मैनचेस्टर के रुशोल्म इलाके में सक्रिय एक कथित ग्रूमिंग गैंग से उनका संबंध था। जांच में उन पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण, दुष्कर्म और मानव तस्करी में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले में दो महिलाओं ने आरोप लगाया है कि जब वे नाबालिग थीं, तब अहमद ने उनके साथ दुष्कर्म किया और उनकी तस्करी में भूमिका निभाई। हालांकि, इन आरोपों पर अभी अंतिम न्यायिक फैसला नहीं आया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस जमानत पर रिहा कर दिया गया था और मामले की जांच जारी है।
जमानत की शर्तों के बीच चुनाव प्रचार
रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई में रुखसार अहमद ब्रिटेन में जमानत संबंधी प्रक्रिया के तहत निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए कहा कि वे यात्रा करने की स्थिति में नहीं हैं। हालांकि, इसी दौरान वे पीओके के मीरपुर क्षेत्र में चुनावी सभाओं में प्रचार करते दिखाई दिए।
बताया गया है कि उन्हें अगले छह सप्ताह के भीतर ब्रिटिश अधिकारियों के समक्ष जमानत की शर्तों का पालन करना होगा। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने या प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने पर विचार कर सकती है।
विदेश यात्रा पर रोक की मांग खारिज
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने अदालत से रुखसार अहमद की विदेश यात्रा पर रोक लगाने का अनुरोध किया था। हालांकि, जुलाई 2024 में एक ब्रिटिश न्यायाधीश ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया और उन्हें कड़ी यात्रा पाबंदियों के बिना जमानत दे दी थी।
Comments are closed.