देशभर में बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली-यूपी से बिहार तक भारी बारिश का अलर्ट

3

25 से ज्यादा राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, दिल्ली-यूपी से बिहार तक बिगड़ेगा मौसम; पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 सितंबर को देश के 25 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। उत्तर राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके चलते कई मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून की सक्रियता का असर देश के बड़े हिस्से में देखने को मिलेगा। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई स्थानों पर बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर समेत 25 से अधिक राज्यों के लिए मौसम अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज बौछारों के साथ 13 और 14 सितंबर को आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।

इसके बाद 15 से 17 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के 19 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका

बिहार में 13 सितंबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

राज्य में आठ नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

दिल्ली-NCR में गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली-NCR में 13 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रहने का अनुमान है। 13 और 14 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इससे राजधानी में उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान में पूर्वी हिस्सों में ज्यादा बारिश

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में मानसून का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। यहां मध्यम से भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी भारी बारिश

मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के साथ विदर्भ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। राज्य के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भी चेतावनी

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।

Comments are closed.