ट्रंप का बचपन का न्यूयॉर्क वाला घर 20 लाख डॉलर में बिका, जानिए क्यों है खास

0

20 लाख डॉलर में बिका ट्रंप के बचपन का घर, कभी खस्ताहाल थी हालत; 5 लाख डॉलर खर्च कर बदला पूरा लुक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बचपन से जुड़ा न्यूयॉर्क का घर 20 लाख डॉलर में बिक गया है। क्वींस के जमैका एस्टेट्स इलाके में स्थित इस प्रॉपर्टी के नए खरीदार की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

ट्यूडर शैली में बना यह घर ट्रंप के शुरुआती बचपन का गवाह रहा है। ट्रंप करीब चार साल की उम्र तक इसी पांच बेडरूम और तीन बाथरूम वाले घर में रहे थे।

पिता ने 1940 में बनवाया था घर

ट्रंप के पिता फ्रेड ट्रंप ने 1940 में न्यूयॉर्क के पॉश जमैका एस्टेट्स इलाके में यह मकान बनवाया था। हालांकि, कई वर्षों से यह प्रॉपर्टी ट्रंप परिवार के पास नहीं है और तब से कई बार इसके मालिक बदल चुके हैं।

पिछले साल डेवलपर टामी लिन ने इस घर को 8.35 लाख डॉलर में खरीदा था। उस समय लंबे समय से खाली पड़े इस मकान की हालत काफी खराब हो चुकी थी।

पाइप फटने से हुआ था नुकसान

रिपोर्ट के मुताबिक, घर में पाइप फटने के कारण पानी भर गया था और कई हिस्सों में फफूंद लग गई थी। हालात इतने खराब थे कि बड़ी संख्या में बिल्लियों ने भी घर में अपना ठिकाना बना लिया था।

घर को दोबारा रहने लायक बनाने के लिए लिन ने इसके इंटीरियर में बड़े स्तर पर बदलाव कराया। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, करीब आठ महीने तक चले इस काम पर उन्होंने लगभग 5 लाख डॉलर अतिरिक्त खर्च किए।

मरम्मत और नवीनीकरण के बाद ट्रंप के बचपन से जुड़ी इस प्रॉपर्टी की कीमत तेजी से बढ़ी और आखिरकार यह 20 लाख डॉलर में बिक गई।

Comments are closed.