इंडोनेशिया के जावा सागर में लापता हुए 240 यात्रियों वाले जहाज को लेकर राहत और बचाव अभियान जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 102 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि हादसे में एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। बाकी यात्रियों की तलाश के लिए समुद्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह जहाज रविवार को पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन की ओर रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान अचानक जहाज से संपर्क टूट गया, जिसके बाद इसके लापता होने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, जहाज पर कुल 240 यात्री सवार थे। 102 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और एक यात्री की मौत हो चुकी है। ऐसे में बाकी यात्रियों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार समुद्री क्षेत्र में अभियान चला रहे हैं।
तकनीकी खराबी के बाद टूटा संपर्क
दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि वर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नामक पोत में तकनीकी खराबी के कारण संचार व्यवस्था प्रभावित हो गई थी।
यह जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया से बंजारमासिन जा रहा था। पोत के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि समुद्र में अचानक मौसम खराब होने के बाद जहाज से संपर्क टूट गया।
आखिरी लोकेशन तट से 148 किमी दूर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी। यह स्थान बंजारमासिन के तट से करीब 148 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
बंजारमासिन सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के ऑपरेशंस चीफ अरियांतो अर्दी ने जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही बचावकर्मियों और कई जहाजों को संबंधित समुद्री क्षेत्र में भेजा गया।
समुद्र में जारी है बड़े पैमाने पर तलाशी
अरियांतो अर्दी के मुताबिक, तलाशी अभियान की निगरानी और संचालन के लिए त्रिशक्ति में एक ऑपरेशंस पोस्ट स्थापित किया गया है। बचाव दल समुद्र में लापता पोत और उसमें सवार बाकी यात्रियों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
अधिकारियों की प्राथमिकता समुद्री परिस्थितियों के बीच जल्द से जल्द बाकी यात्रियों तक पहुंचना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौसम और समुद्री स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments are closed.