LPG सब्सिडी के लिए 1 अक्टूबर से आधार बायोमीट्रिक सत्यापन जरूरी
घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर से आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य होगा। सरकार ने यह कदम सब्सिडी का लाभ केवल पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शनों के जरिए होने वाले दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से उठाया है।
जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही आधार बायोमीट्रिक सत्यापन या ई-केवाईसी पूरी कर ली है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
27.43 करोड़ उपभोक्ताओं का सत्यापन पूरा
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं का आधार बायोमीट्रिक सत्यापन पूरा हो चुका था। यह कुल उपभोक्ताओं का करीब 89.9 प्रतिशत है। सरकार ने पहले सत्यापन के लिए 30 जून की समयसीमा तय की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 14 सितंबर कर दिया गया था।
सितंबर 2026 में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर करीब 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी मिल रही है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक आधार सत्यापन नहीं कराया है, वे प्रक्रिया पूरी करने के बाद सब्सिडी वाले सिलिंडर की बुकिंग कर सकेंगे।
डिलीवरी के समय भी हो सकेगा सत्यापन
उपभोक्ता अपने एलपीजी वितरक के शोरूम पर जाकर आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा सिलिंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल एप के जरिए भी सत्यापन की सुविधा उपलब्ध है। तेल विपणन कंपनियों के मोबाइल एप के माध्यम से भी यह प्रक्रिया घर बैठे पूरी की जा सकती है।
आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी। हालांकि, ऐसे ग्राहकों को सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें सिलिंडर बाजार मूल्य पर खरीदना होगा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म से पंजीकरण की सुविधा
ऐसे उपभोक्ता अपनी संबंधित तेल कंपनी के वेब पोर्टल, मोबाइल एप, WhatsApp चैटबॉट या IVRS जैसी डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। स्थानीय उपलब्धता के आधार पर उन्हें 5 किलोग्राम या 10 किलोग्राम के एलपीजी सिलिंडर भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
घर बैठे ऐसे कराएं ई-केवाईसी
इंडेन: IndianOil ONE एप
भारतगैस: HelloBPCL एप
एचपी गैस: HP Pay एप
Comments are closed.