गूगल मैप के सहारे रास्ता तलाशना पड़ा महंगा, बंगाल में खदान में जा गिरी बाइक; रातभर घायल पड़ा रहा युवक

0

Google Maps पर रास्ता देखना पड़ा भारी, बंद रास्ते से खदान में जा गिरी बाइक; रातभर फंसा रहा युवक

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले में Google Maps के निर्देशों का पालन करना एक बाइक सवार के लिए भारी पड़ गया। शुक्रवार रात गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश में युवक की बाइक ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की खदान के गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद युवक पूरी रात घायल हालत में वहीं फंसा रहा।

शनिवार सुबह मोबाइल लोकेशन के जरिए युवक के भाटमुरा गांव की ओर होने का पता चला। इसके बाद पांडवेश्वर पुलिस और ECL की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से युवक को खदान के गड्ढे से बाहर निकाला गया। बाद में उसे स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बर्दवान निवासी और केबल ऑपरेटर प्रसून बनर्जी शुक्रवार को पांडवेश्वर आया था। रात में इलाके की जानकारी नहीं होने के कारण उसने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए Google Maps का सहारा लिया।

Google Maps के निर्देश पर प्रसून भाटमुरा गांव की ओर जाने लगा। बताया गया कि जिस रास्ते से वह आगे बढ़ा, वह धंसान के कारण पहले से क्षतिग्रस्त था और वहां लोगों की आवाजाही बंद थी। इसके बावजूद मैप पर रास्ता बंद होने की जानकारी नहीं दिखी।

अंधेरा होने के कारण प्रसून को आगे का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक खदान के गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद वह घायल अवस्था में पूरी रात वहीं पड़ा रहा। परिजन रातभर उसके मोबाइल पर फोन करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

शनिवार सुबह पुलिस की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद घटनास्थल का पता चला। स्थानीय युवकों ने जेसीबी की मदद से युवक को खदान से बाहर निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

Comments are closed.